रांची। आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के बाद भारतीय राजस्व सेवा (IRS) की अधिकारी एवं झारखंड की पूर्व पंचायती राज निदेशक निशा उरांव ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया है. इसमें उन्होंने निशा भगत के साथ हुई आखिरी फोन बातचीत का जिक्र करते हुए न्याय की लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने का ऐलान किया है. निशा उरांव के मुताबिक, निशा भगत ने अपनी जिंदगी के आखिरी दिन उन्हें फोन किया था. दोनों के बीच करीब 13 मिनट तक बातचीत हुई थी. इस दौरान निशा भगत काफी रो रही थीं और उन्होंने कुछ लोगों के खिलाफ अपनी शिकायतें भी बताई थीं.
‘दीदी, थैंक यू मुझसे बात करने के लिए’, आखिरी शब्द याद कर भावुक हुईं निशा उरांव
निशा उरांव ने अपनी पोस्ट में बताया कि निशा भगत ने फोन पर धमकियों, डिजिटल मीडिया पर चरित्र हनन और अपमान से जुड़ी परेशानियों के बारे में बताया था. उन्होंने कुछ लोगों के नाम लेकर भी शिकायत की थी. निशा उरांव के अनुसार, उन्होंने निशा भगत को ढाढ़स बंधाया और भरोसा दिया कि वह उनके साथ बैठकर शिकायत लिखवाने और पुलिस में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने में मदद करेंगी.
उन्होंने बताया कि जिस समय निशा भगत का फोन आया, उस वक्त वह कुछ लोगों के साथ बैठक में थीं. इसलिए उन्होंने निशा भगत से कहा कि एक घंटे बाद दोबारा फोन करेंगी. फोन रखने से पहले निशा भगत ने उनसे कहा था, ‘दीदी, थैंक यू मुझसे बात करने के लिए, समय देने के लिए… थैंक यू.’
निशा उरांव ने लिखा कि निशा भगत के ये आखिरी शब्द बार-बार उनके दिमाग में घूमते रहते हैं. उन्हें इस बात का गहरा अफसोस है कि वह अपनी बहन को बचा नहीं पाईं. उन्होंने कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि निशा भगत इतनी परेशान और मानसिक रूप से इतनी पीड़ित थीं.
‘अब मैं सरकारी गवाह बनूंगी’, न्याय नहीं मिला तो राष्ट्रीय स्तर तक जाएगी लड़ाई
निशा उरांव ने अपने पोस्ट में कहा कि इस घटना ने उन्हें गहरी पीड़ा के साथ-साथ आक्रोश से भी भर दिया है. उन्होंने ऐलान किया कि अब वह इस लड़ाई को दस गुना अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएंगी. उन्होंने लिखा कि अब वह सरकारी गवाह बनेंगी और यदि न्याय नहीं मिला तो इस मामले को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाएंगी.
उन्होंने धर्मांतरण, आदिवासी जमीन से जुड़े कथित माफिया, अन्याय, तंत्र की असंवेदनशीलता और सोशल मीडिया ट्रोलिंग जैसे मुद्दों पर जीरो टॉलरेंस की बात कही. उनके मुताबिक, निशा भगत के साथ हुई घटना ने सामाजिक आंदोलन के प्रति उनके संकल्प को और मजबूत किया है.
समाज के लोगों से कहा- तुम अकेले नहीं हो
निशा उरांव ने आदिवासी समाज के लोगों और सामाजिक मुद्दों पर संघर्ष करने वालों से अपील की कि वे खुद को अकेला न समझें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुश्किल परिस्थितियों में वे उनके साथ खड़ी रहेंगी. उन्होंने कहा कि अब किसी दूसरी निशा भगत को इस तरह अपनी जान नहीं गंवानी पड़े, इसके लिए संघर्ष जारी रहेगा.
अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा कि यह किसी विचारधारा का अंत नहीं, बल्कि एक नई क्रांतिकारी शुरुआत है. उन्होंने सामाजिक आंदोलन की मशाल जलाए रखने और कई नई मशालें एक साथ जलाने का संकल्प भी जताया.
कौन हैं निशा उरांव?
निशा उरांव भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी हैं. वह झारखंड सरकार में पंचायती राज निदेशक और कृषि निदेशक के पद पर भी काम कर चुकी हैं. पंचायती राज निदेशक रहते हुए उन्होंने पेसा कानून से संबंधित नियमावली के प्रारूप निर्माण की प्रक्रिया में भूमिका निभाई थी. वह पूर्व मंत्री और लोहरदगा के पूर्व विधायक रामेश्वर उरांव की बेटी हैं. अगस्त 2025 में उनकी नियुक्ति रांची में अपर आयकर आयुक्त (छूट), रेंज-2 के पद पर हुई थी.
निशा उरांव आदिवासी पहचान, सरना धर्म, पारंपरिक स्वशासन और पेसा कानून जैसे मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से अपनी राय रखती रही हैं.
गौरतलब है कि रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र के डहूटोली में आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के बाद से ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है. मौत से पहले उनका फेसबुक लाइव भी सामने आया था, जिसमें उन्होंने ऑनलाइन उत्पीड़न और अपनी परेशानियों का जिक्र किया था. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है. निशा उरांव ने अपनी पोस्ट में जिन धमकियों, उत्पीड़न और अन्य शिकायतों का उल्लेख किया है, उनकी स्वतंत्र जांच और पुष्टि होना अभी बाकी है.





